हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

स्थानीय थाना क्षेत्र के बारी महेवा गांव में सोमवार दोपहर लगभग 12:45 बजे अचानक लगी भीषण आग ने किसानों की तैयार गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया। इस अग्निकांड में करीब 10 से 12 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय पास के खेत में हार्वेस्टिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग लगने की सूचना आसपास के किसानों को मिली। किसान अब्दुल जब्बार खान ने बताया कि आग लगने के बाद बिजली विभाग के जेई को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। उनका कहना है कि यदि समय पर संपर्क हो जाता तो बोरिंग के पानी से कुछ फसल बचाई जा सकती थी।

तेज पूर्वा हवा ने आग को और भड़काने का काम किया, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में अब्दुल जब्बार खान की लगभग 6 बीघा, नरेश यादव की 1 बीघा, दिनेश यादव की करीब डेढ़ बीघा और गोविंद यादव की डेढ़ बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। किसान दिनेश यादव के अनुसार, किसी किसान द्वारा कटी फसल को जलाकर छोड़ देने से उठी चिंगारी ने हवा के कारण बड़ा रूप ले लिया।
घटना के बाद पीड़ित किसानों ने संबंधित अधिकारियों एवं जिलाधिकारी से मुआवजे की मांग की है, ताकि उनकी लागत की भरपाई हो सके।
