सद्दाम हुसैन, ब्यूरो चीफ, लखनऊ (यूपी), NIT:

नगराम क्षेत्र के नबीनगर मजरा भजा खेड़ा में उस समय हड़कंप मच गया, जब केबल बॉक्स में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही मौके पर सुरक्षाकर्मी और बिजली विभाग के कर्मचारी पहुंच गए। तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाया गया।
बताया जा रहा है कि आग काफी तेजी से फैली और केबल बॉक्स धू-धू कर जलने लगा। तेज हवा के कारण आग के और बढ़ने का खतरा भी बना हुआ था, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा हो गया।
समेसी पावर हाउस के जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार के अनुसार, केबल बॉक्स के अंदर चिड़िया ने घोंसला बना रखा था, जिसकी वजह से शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। समय रहते बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बाद में बिजली सप्लाई को पुनः चालू कर दिया गया।
ग्रामीण हरिपाल, सुरेंद्र और हेतराम ने बताया कि आग काफी तेजी से लगी, जिससे पूरे गांव में डर का माहौल बन गया था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

