गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

सूबे के मुखिया Yogi Adityanath के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक मार्गों और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन इन दिनों सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में अकबरपुर शहर में लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है।
डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम अकबरपुर विशाल सारस्वत तथा पालिका के अधिशासी अधिकारी पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहे हैं। एसडीएम ने पत्रकारों को बताया कि अतिक्रमण हटाने का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और कानून व्यवस्था को दुरुस्त करना है।
अकबरपुर शहर की शहजादपुर सब्जी मंडी को लेकर प्रशासनिक अधिकारी दलबल के साथ लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं। पुरानी सब्जी मंडी को वहां से हटाकर संजय टॉकीज के निकट बनी नई मंडी में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
जिलाधिकारी के आदेश पर भारी पुलिस बल और पीएसी फोर्स की मौजूदगी में मंडी को शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। काफी समय से नई सब्जी मंडी बनकर तैयार है। एसडीएम विशाल सारस्वत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर हर हाल में पुरानी मंडी को खाली कराया जाएगा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।
उन्होंने कहा कि यदि सड़क पर दुकानों का सामान या अवैध निर्माण पाया जाता है तो नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया जाएगा और सड़क पर रखा सामान जब्त कर लिया जाएगा। यदि फुटपाथ या नाले के ऊपर पक्का निर्माण किया गया है तो उसे बुलडोजर (जेसीबी) की मदद से हटाया जाएगा।
दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने की भी चेतावनी दी गई है। सड़कों के चौड़े होने से जाम की समस्या खत्म होगी और राहगीरों को आने-जाने में आसानी होगी।
सड़क पर सामान न होने से वाहनों का आवागमन सुरक्षित रहेगा। वहीं नालों के ऊपर से कब्जा हटने पर उनकी सफाई बेहतर तरीके से हो सकेगी, जिससे जलभराव की समस्या भी कम होगी। प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों की सीमा के भीतर ही सामान रखें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
