मुकुंदपुर में हजरत शाह ताजुल औलिया का 798वां उर्स, आज होगा दूसरा कुल; कव्वाली का जंगी मुकाबला | New India Times

मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:

New India times

मैहर जिले के अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर में शहिन्शाह-ए-औलिया हजरत शाह ताजुल औलिया मुहिब्ब-ए-अली रहमतुल्लाह अलैह का 798वां उर्स बड़े ही अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है।

तकिया दरगाह इंतजामिया कमेटी मुकुंदपुर के अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने बताया कि इस वर्ष एक लाख से अधिक जियारतमंद अकीदतमंदों के पहुंचने की संभावना है। उर्स में एक अकीदतमंद ने मजार अकदस पर दो तोले की चांदी और एक तोले की अंगूठी के साथ 100 रुपये नजराना पेश किया।
रोजा रखने वाले अकीदतमंदों के लिए इफ्तार और सेहरी का विशेष प्रबंध किया गया है। साथ ही सभी जियारतमंदों के लिए पेटभर भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

पार्किंग स्थल से पुलिस चौकी तक आने-जाने के लिए इंतजामिया कमेटी द्वारा नि:शुल्क टैक्सी सेवा उपलब्ध कराई गई है। उर्स मेले में लगभग 500 रंग-बिरंगी दुकानों की सजावट भी की गई है, जिससे मेले का माहौल और भी रौनकदार हो गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग और राजस्व विभाग की विशेष निगरानी रखी जा रही है। पूरे क्षेत्र में ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी वर्दी में और कुछ सादे कपड़ों में तैनात किए गए हैं।

इस दौरान एसडीएम आरती सिंह, तहसीलदार आर.डी. साकेत और नायब तहसीलदार अनिल कुमार पटेल सहित राजस्व विभाग के अधिकारी निगरानी में लगे हुए हैं।

वहीं पुलिस अधीक्षक मैहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा, थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा और पुलिस चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा के निर्देशन में सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में तैनात है। साथ ही सीआईडी टीम भी विभिन्न स्थानों पर सक्रिय रहकर पल-पल की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान सुबह 10 बजे से नात पाक और मनकबत का दौर शुरू हुआ, जिसमें मौलाना, आलिम, मुफ्ती, हाफिज और कारी साहबान ने अपनी नूरानी आवाज में कलाम पेश किए। इसके बाद खाने और तबर्रुक का भी प्रबंध किया गया।
उर्स में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवागमन मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां जिला पुलिस और सशस्त्र बल तैनात हैं।

10 मार्च को उर्स के अवसर पर कव्वाली का जंगी मुकाबला आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए एसडीओपी ख्याति मिश्रा ने इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन के साथ बैठक कर आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.