निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
नगर पंचायत इटवा में रविवार को रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राजा गैस एजेंसी के गोदाम पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग गईं और दोपहर तक बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस लेने के लिए एजेंसी परिसर में मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि आमतौर पर गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को रसोई गैस की आपूर्ति सीधे घरों तक की जाती है, लेकिन इस बार कई वर्षों बाद बड़ी संख्या में लोग खुद गोदाम पर सिलेंडर लेने पहुंच गए।
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव को लेकर ईंधन की कमी की अफवाह फैलने से लोगों में जल्द से जल्द गैस लेने की होड़ मच गई।
जैसे ही लोगों को गैस की गाड़ी आने की सूचना मिली, उपभोक्ता बड़ी संख्या में एजेंसी पर पहुंचने लगे। स्थिति को देखते हुए इटवा के आपूर्ति निरीक्षक जितेंद्र सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और व्यवस्था संभालते हुए उपभोक्ताओं के बीच रसोई गैस का वितरण कराया।
राजा गैस एजेंसी के मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि रविवार को एजेंसी पर गैस की दो गाड़ियां पहुंचीं, जिनमें करीब 900 सिलेंडर आए हैं। इनका वितरण नियमानुसार किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
वहीं आपूर्ति निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने भी लोगों को आश्वस्त किया कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बेवजह एजेंसी पर भीड़ न लगाएं और गैस की बुकिंग कराकर निर्धारित समय पर घर पर ही डिलीवरी प्राप्त करें, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे।

