मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नादेव क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 07, 08 एवं 11 में दिनांक 30 जनवरी को विद्युत विभाग के अंतर्गत स्थापित ट्रांसफॉर्मर में आई गंभीर तकनीकी खराबी एवं अचानक हुए वोल्टेज फ्लक्चुएशन के कारण लगभग 40 से 50 घरों में विद्युत उपकरण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना से आक्रोशित वार्डवासियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए न्याय की मांग की। इस घटना में नागरिकों के घरों में लगे टीवी, फ्रिज, वॉटर मोटर, गीजर, बल्ब, पंखे, इन्वर्टर, मोबाइल चार्जर सहित अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर पूरी तरह खराब हो गए। कई प्रभावित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं, जिनके लिए यह नुकसान अत्यंत गंभीर एवं असहनीय साबित हुआ है।

वार्डवासियों का आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफॉर्मर की समय पर देखरेख, नियमित तकनीकी निरीक्षण एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह गंभीर हादसा हुआ। विभाग की स्पष्ट लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ा है।

यह स्थिति न केवल विभागीय कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा एवं विश्वास के साथ भी खिलवाड़ है। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में इससे और भी गंभीर दुर्घटनाएं जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि—
1. घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा ट्रांसफॉर्मर की तकनीकी खराबी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई की जाए।
2. वार्ड क्रमांक 07, 08 एवं 11 के सभी प्रभावित घरों का तत्काल सर्वे कराया जाए।
3. सर्वे रिपोर्ट के आधार पर सभी पीड़ित परिवारों को उनके क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों का उचित एवं पूर्ण मुआवजा प्रदान किया जाए।
