हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

भारतीय अहिंसा सेवा संस्थान ने 31 किलोमीटर की पदयात्रा कर ‘रोजगार व सामाजिक न्याय पदयात्रा’ को अपना समर्थन दिया। इस दौरान संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर जननायक सांसद माननीय संजय सिंह को भेंट की गई।
‘युवाओं को रोजगार दो’ के नारे के साथ निकली इस पदयात्रा में भारतीय अहिंसा सेवा संस्थान के अध्यक्ष, जनसेवक व छात्र नेता विजय शंकर यादव अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए।
छात्र नेता विजय शंकर यादव ने कहा कि मौजूदा समय में छात्र और युवा अत्यधिक हताश व निराश हैं। रोजगार से जुड़ी परीक्षाएं न तो समय पर आयोजित हो रही हैं और न ही सही ढंग से पूरी की जा रही हैं। इससे छात्रों, युवाओं और उनके अभिभावकों में गहरी निराशा फैल रही है। महंगी शिक्षा और बढ़ती बेरोजगारी युवाओं के लिए लगातार चिंता का विषय बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सांसद माननीय संजय सिंह द्वारा रोजगार और सामाजिक न्याय को लेकर की जा रही पदयात्रा जनहित में एक सराहनीय पहल है, जिसे सरकार को गंभीरता से सुनना चाहिए और समस्याओं के समाधान हेतु ठोस कदम उठाने चाहिए।
विजय शंकर यादव ने बताया कि 19 एवं 20 जनवरी को लगभग 31 किलोमीटर की पदयात्रा में वे लगातार शामिल रहे, लेकिन पैरों में अत्यधिक छाले पड़ जाने के कारण 21 जनवरी को स्वास्थ्य लाभ हेतु अपने गृह जनपद सोनभद्र लौटना पड़ा।
उन्होंने कहा कि युवा और छात्र देश का भविष्य हैं। उनके जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए चुनी हुई सरकारों को रोजगार के अवसर सृजित करने हेतु मजबूत और प्रभावी नीतियां बनानी चाहिए।

