वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर-खीरी (यूपी), NIT:
थाना हैदराबाद क्षेत्र के ग्राम छतौनिया में बीती रात चोरों ने एक ही गांव के दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वहीं एक तीसरे घर में चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर वहां सफल नहीं हो सके। लगातार दो बड़ी चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुड्डू पुत्र हेमनाथ वर्मा के घर से लगभग 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। वहीं सफीक पुत्र जहीर के घर से करीब 8 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं। चोरों ने रात के अंधेरे में घरों के ताले तोड़कर अलमारियों में रखे जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया।
इसी गांव के एक अन्य घर में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन किसी कारणवश चोर वहां वारदात को अंजाम नहीं दे सके। सुबह जब परिजनों ने घरों का सामान बिखरा हुआ देखा तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तुरंत थाना हैदराबाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है। लगातार हो रही चोरियों से लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

