शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
एन.जे.सी.ए. की एक आवश्यक बैठक पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ भवन में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के महामंत्री विनोद राय ने की तथा संचालन वरिष्ठ रेलवे कर्मचारी नेता दीपक चौधरी ने किया।
बैठक में मुख्य अतिथि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव एवं विशिष्ट अतिथि परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद राय ने कहा कि कर्मचारियों को एन.पी.एस. और यू.पी.एस. किसी भी रूप में स्वीकार नहीं है।
पुरानी पेंशन व्यवस्था के किसी भी विकल्प से कर्मचारी समाज समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को हर हाल में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करनी होगी। साथ ही रेलवे में नियमित भर्तियाँ की जाएँ तथा रेलवे अस्पतालों की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना काल में नियमित कर्मचारियों ने ही देश की सेवा की, इसलिए केंद्र और राज्य सरकार के सभी विभागों में नियमित कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।
मुख्य अतिथि रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आठवें वेतन आयोग को लेकर कर्मचारियों में गहरा संशय है। यह चर्चा अत्यंत निंदनीय है कि पेंशनरों को इसका लाभ नहीं दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आठवें वेतन आयोग का लाभ कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनरों को भी मिलना चाहिए तथा इसका फिटमेंट फैक्टर 3.86 से कम नहीं होना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि मदन मुरारी शुक्ल ने कहा कि राज्य सरकार कोरोना काल में निलंबित किए गए सभी भत्तों को तत्काल बहाल करे तथा सरकार और कर्मचारियों के बीच पूर्व में बनी सहमतियों के अनुसार सभी लंबित मांगों को शीघ्र पूरा किया जाए।
इस अवसर पर अशोक पांडे पंडित, श्याम नारायण शुक्ल, अनिल द्विवेदी, राजेश मिश्रा, जामवंत पटेल, देवेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, ईश्वर चंद विद्यासागर, कुलदीप मणि त्रिपाठी, अभय त्रिपाठी, लक्ष्मी चंद्र श्रीवास्तव, अनिल कुमार गौतम, फिरोजुल हक, दीपक प्रजापति, अभिषेक गुप्ता, अंशुमान पाठक, चंदेश्वर, शुभम गुरुंग, कैलाश प्रजापति, अखिलेश त्रिपाठी, इजहार अली, राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे

