नहर में मृत गोवंश मिलने से मचा हड़कंप, पशुपालन विभाग पर उठे सवाल | New India Times

हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर (यूपी), NIT:

राजगढ़ क्षेत्र के सेमरा बरहो रजवाहा से निकली नहर में एक दर्जन के आसपास गोवंश मृत अवस्था में पानी में तैरते मिले हैं। यह दृश्य तुलसीपुर गांव के पास सेमरा बरहो और निकरिका गांव के बीच देखा गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, नहर में बह रहे मृत गोवंश से तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास के गांवों में भय और आक्रोश का माहौल है। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े घटनाक्रम के बावजूद पशुपालन विभाग को काफी देर तक इसकी जानकारी नहीं हो सकी, जबकि रोजाना इसी मार्ग से कई अधिकारी गुजरते हैं। ग्रामीण इस मामले में ग्राम प्रधान की उदासीनता को भी जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ये मृत गोवंश पानी में कहां से आए, इसका अब तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। बेज़ुबान जानवरों की इस दुर्दशा को देखकर लोगों का मन व्यथित है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है।
जैसे ही सूचना जिले के आला अधिकारियों तक पहुंची, तुरंत राजगढ़ ब्लाक प्रशासन को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही कृषि अधिकारी संतोष कुशवाहा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू का प्रयास किया गया, लेकिन नहर में तेज बहाव और अधिक पानी होने के कारण गोवंश को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।
कृषि अधिकारी संतोष कुशवाहा ने बताया कि नहर का पानी बंद होने के बाद ही मृत गोवंश को बाहर निकाला जा सकेगा और उसके बाद नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नहर का पानी बंद कर मृत गोवंश को बाहर निकाला जाए, ताकि दुर्गंध और संभावित बीमारी के खतरे से बचा जा सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article