दिनदहाड़े शिक्षिका की हत्या का खुलासा, पत्नी की हत्या करने वाला पति कड़ी पूछताछ के बाद भेजा गया जेल | New India Times

गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

अंबेडकरनगर जिले में दिनदहाड़े एक शिक्षिका की नृशंस हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति सहित सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के गांधी आश्रम इलाके की है, जहां बुधवार को पति ने अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी।

मृतका की पहचान सोनी सिंह के रूप में हुई है, जो एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पति उमाशंकर सिंह को पत्नी के कथित अवैध संबंधों को लेकर शक था। इसी संदेह के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के समय पति-पत्नी घर में ही मौजूद थे। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ने पर उमाशंकर सिंह ने धारदार हथियार से पत्नी का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

हत्या का मुकदमा दर्ज

मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति उमाशंकर सिंह, सास और ससुर के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा आरोपी

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी उमाशंकर सिंह भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ है और नगर मीडिया प्रभारी के पद पर कार्यरत था। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में भारी आक्रोश व्याप्त है, वहीं पूरे इलाके में भय और शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र ही आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जाएगा।

By nit