कोहरे का कहर: टेंपो और पिकअप की भीषण भिड़ंत, चार लोग गंभीर रूप से घायल | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ़, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

लखीमपुर खीरी जिला में घने कोहरे के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह गोला–बांकेगंज मार्ग पर निपनिया मोड़ के पास एक टेंपो और पिकअप में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 9 बजे हुई, जब इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। टेंपो बांकेगंज की ओर जा रहा था जबकि पिकअप गोला की दिशा से आ रही थी। शुरुआती जांच में कोहरे के बीच गलत तरीके से ओवरटेकिंग को हादसे का कारण बताया गया है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में टेंपो चालक रामू (45) निवासी बेचापुर के दोनों पैर टूट गए। वहीं टेंपो में सवार विनोद निवासी सुभानपुर को सिर में गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा जगदीश निवासी झाउपुर और अजय निवासी मैकुपुर को पैरों और कमर में गंभीर चोटें लगी हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बांकेगंज पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा कराया। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि निपनिया मोड़ पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द चेतावनी बोर्ड और संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article