ब्रह्मा बाबा की 57वीं पुण्य स्मृति पर गोल्डन वर्ल्ड रिट्रीट सेंटर मालनपुर में विश्व शांति हेतु ध्यान एवं ब्रह्मा भोजन का आयोजन | New India Times

गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संस्थापक पिता श्री ब्रह्मा बाबा की 57वीं पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर मालनपुर स्थित गोल्डन वर्ल्ड रिट्रीट सेंटर के प्रांगण में ब्रह्मा भोजन एवं विश्व शांति हेतु ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मालनपुर एवं आसपास की कंपनियों से आए वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्र के पत्रकार तथा वरिष्ठ नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर सभी अतिथियों ने ध्यान कक्ष में बैठकर सम्पूर्ण विश्व को शांति का दान दिया। इसके उपरांत ब्रह्मा भोजन का आयोजन भी किया गया।

गोल्डन वर्ल्ड रिट्रीट सेंटर की संचालिका ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया तथा समस्त विश्व की आत्माओं के मन में शांति के लिए शुभ भावनाएँ और शुभकामनाएँ रखने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर संस्थान में निवासरत भाई-बहनों ने जानकारी दी कि जनवरी माह को विशेष रूप से ‘विश्व शांति माह’ के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान 1 जनवरी से 31 जनवरी तक प्रतिदिन 18 घंटे का सामूहिक योग कराया जाता है। सुबह 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक भाई-बहन अपने-अपने समयानुसार ध्यान कक्ष में बैठकर समस्त आत्माओं के लिए शांति का दान करते हैं।

इस साधना से सभी को गहन शांति का अनुभव होता है तथा वातावरण में चारों ओर शांति का स्पंदन महसूस किया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि “जो हम देते हैं, वही हमें मिलता है।” इसी भावना के साथ ब्रह्माकुमारी संस्थान की विश्व के 150 से अधिक देशों में संचालित शाखाओं में ब्रह्माकुमार एवं ब्रह्माकुमारियाँ निरंतर विश्व शांति हेतु ध्यान साधना कर रहे हैं।

By nit