अशफ़ाक़ क़ायमखानी, सीकर/जयपुर (राजस्थान), NIT:
नशे के खिलाफ अभियान को तेज़ करते हुए सीकर पुलिस ने होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और चाय की थड़ियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह अभियान प्रवीण नायक नुनावत के निर्देशन में तथा एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह के सुपरविजन में चलाया गया।
कार्रवाई के लिए कई टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने नशे की गतिविधियों की आशंका वाले स्थानों पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान कैफ़े, होटल, ढाबों और धर्मशालाओं में मौजूद संदिग्ध लोगों से गहन पूछताछ की गई।
पुलिस ने कुल 197 होटल-ढाबों की जांच करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया और आवश्यक प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू की।
यह कार्रवाई एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह और संदीप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली, उद्योग नगर और गोकलपुरा थाना पुलिस द्वारा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ सीकर पुलिस की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।

