इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:
केंद्रीय दूरसंचार एवं पूर्वोत्तर राज्य विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सेवा दिवस के रूप में मनाया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ जनसेवा से जुड़े कार्य आयोजित किए गए।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया का जन्मदिन हर वर्ष 1 जनवरी को पड़ता है। सामान्यतः कार्यकर्ता उन्हें बधाई देने दिल्ली पहुंचते थे, लेकिन इस वर्ष उनके दिल्ली में उपलब्ध न होने के कारण जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाए और जरूरतमंदों के लिए सेवा कार्य किए जाएं।
मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजय देशमुख द्वारा मुहालपुर स्थित बालाजी धाम में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। इसके बाद प्रसाद वितरण, गर्म वस्त्रों का वितरण किया गया और केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।

