शराब के नशे में डॉक्टर व पति पर मारपीट के गंभीर आरोप,<br>पीड़िता ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार, पुलिस कार्रवाई पर सवाल | New India Times

गणेश मौर्या, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:


जालालपुर क्षेत्र स्थित अमनदीप हड्डी हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर सुभाष प्रजापति और पीड़िता के पति दिलीप कुमार पर शराब के नशे में महिला के साथ लगातार मारपीट और उत्पीड़न के गंभीर आरोप सामने आए हैं। पीड़िता अंकिता प्रजापति ने बताया कि वह लंबे समय से घरेलू हिंसा का शिकार है, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिल सका है।

पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह करीब 9 वर्ष पूर्व दिलीप कुमार पुत्र रामनाथ प्रजापति से विधि-विधान से हुआ था। विवाह के बाद से ही वह पति के जीजा डॉक्टर सुभाष प्रजापति के अमनदीप हॉस्पिटल, मालीपुर रोड, जालालपुर में पूरे परिवार के साथ रहने को मजबूर है। आरोप है कि पति की बहन सोनिया और जीजा सुभाष ने ससुराल की संपत्ति और पीड़िता के जेवरात बिकवा लिए और सभी को जबरन अपने पास रख लिया।

पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर सुभाष और बहन सोनिया के उकसावे पर पति, सास-ससुर सहित अन्य परिजन उसे वर्षों से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। मायके से अतिरिक्त पैसे लाने का दबाव बनाया जाता है और मना करने पर बेरहमी से मारपीट की जाती है।

पीड़िता ने बताया कि 26 दिसंबर 2025 की रात करीब 9:30 बजे, शराब के नशे में सभी आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसके चेहरे, सिर और आंख में गंभीर चोटें आईं। जान का खतरा महसूस होने पर उसने अपने मायके पक्ष को सूचना दी और 112 नंबर पर पुलिस को बुलाया, लेकिन मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इसके बाद पीड़िता जलालपुर थाने पहुंची, जहां एफआईआर दर्ज कराने और मेडिकल परीक्षण के लिए पत्र देने की मांग की गई, लेकिन आरोप है कि वहां भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की निष्क्रियता से भयभीत होकर पीड़िता अगले दिन अपने भाइयों के साथ अकबरपुर चली गई।

पीड़िता ने बताया कि 27 दिसंबर 2025 को महिला थाना अकबरपुर में भी शिकायत दी गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक वहां से भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

न्याय न मिलने से आहत पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article