मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

आज के समय में सोना अत्यंत महँगा हो गया है। ऐसे में यदि किसी गरीब व्यक्ति का थोड़ा-सा भी सोना गुम हो जाए, तो उस पर क्या बीतती है, यह हर कोई समझ सकता है। ऐसा ही एक मामला आज जुन्नारदेव में सामने आया, जहाँ नवेगांव की रहने वाली एक महिला का सोने-चांदी के आभूषणों से भरा पर्स खो गया, लेकिन जुन्नारदेव पुलिस की तत्परता से कुछ ही घंटों में महिला के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।
आज दिनांक 23/12/2025 को जुन्नारदेव से कुछ दूरी पर स्थित नवेगांव निवासी महिला ने थाना आकर बताया कि दोपहर लगभग 12 बजे गांधी चौक, जुन्नारदेव में फल वाले की दुकान के पास उसका एक पर्स गिर गया था। उक्त पर्स में सोने-चांदी के आभूषण, एक जोड़ी कान के टॉप्स, चांदी की चेन तथा कुछ नगद रुपये रखे हुए थे। महिला ने बताया कि दोबारा मौके पर जाकर देखने पर पर्स नहीं मिला, जिससे वह काफी परेशान हो गई।
महिला की शिकायत पर तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बघेल के निर्देशन में उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे द्वारा थाने के स्टाफ आरक्षक संतोष धुर्वे एवं आरक्षक निलेश पाल को महिला के साथ गांधी चौक क्षेत्र में भेजा गया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक व्यक्ति पर्स उठाते हुए दिखाई दिया।
इसके बाद आरक्षक संतोष धुर्वे एवं आरक्षक राम अवतार तिवारी को बाजार क्षेत्र में भेजकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कराई गई। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उक्त व्यक्ति की पहचान कर उससे महिला का खोया हुआ पर्स बरामद किया और सकुशल महिला को लौटा दिया।
पर्स वापस मिलने पर महिला ने जुन्नारदेव पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बघेल, उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे, आरक्षक संतोष धुर्वे एवं आरक्षक राम अवतार तिवारी का विशेष योगदान रहा।

