अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

स्टेट साइबर पुलिस, भोपाल (मध्यप्रदेश) ने आम नागरिकों के लिए एक अहम साइबर एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में बताया गया है कि हाल ही में 68 करोड़ से अधिक इंटरनेट यूजर्स की ईमेल आईडी और पासवर्ड साइबर अपराधियों के पास होने का मामला सामने आया है। इससे संबंधित यूजर्स के सोशल मीडिया, बैंकिंग और अन्य ऑनलाइन अकाउंट्स खतरे में पड़ सकते हैं।
साइबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यह जरूर जांच लें कि कहीं उनकी Email ID या पासवर्ड डेटा लीक में शामिल तो नहीं है। इसके लिए साइबर पुलिस ने haveibeenpwned.com वेबसाइट का लिंक और QR कोड जारी किया है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने ईमेल अकाउंट की स्थिति की जांच कर सकता है।
पासवर्ड लीक होने पर तुरंत करें ये उपाय
साइबर पुलिस की एडवाइजरी में बताया गया है कि यदि पासवर्ड लीक होने की पुष्टि होती है, तो नागरिक तुरंत निम्न कदम उठाएं।
सभी महत्वपूर्ण अकाउंट्स के पासवर्ड तुरंत बदलें
हर वेबसाइट और ऐप के लिए अलग-अलग पासवर्ड रखें
2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (OTP या App) को अनिवार्य रूप से चालू करें
संदिग्ध ईमेल, SMS और लिंक पर क्लिक न करें
अनजान ऐप या वेबसाइट पर लॉग-इन करने से बचें
साइबर पुलिस की अपील
स्टेट साइबर पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा को गंभीरता से लेने की अपील की है। किसी भी साइबर फ्रॉड या संदेह की स्थिति में नागरिक ps.cybercell-bpl@mppolice.gov.in पर ईमेल या 7587646775 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
साइबर पुलिस का कहना है कि सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।

