जन सांस्कृतिक मंच के 50 वर्ष पूर्ण—4 जनवरी को धूमधाम से मनाई जाएगी स्वर्ण जयंती | New India Times

अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं बुद्धिजीवियों की संस्था जन सांस्कृतिक मंच की आमसभा फ्लोरेंस गार्डन में डॉ. अशोक बंसल की अध्यक्षता एवं डॉ. धर्मराज के संचालन में संपन्न हुई। आमसभा में निर्णय लिया गया कि मंच की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर आगामी 4 जनवरी 2026 को स्वर्ण जयंती वर्ष के रूप में वर्षभर सामाजिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक, छात्र तथा नौजवानों से जुड़े प्रगतिशील एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंच की 50 वर्षों की शानदार यात्रा को दस्तावेज़ करने के लिए एक स्मारिका प्रकाशित की जाएगी। साथ ही 4 जनवरी को देश के विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत मंच के सदस्यों को मथुरा आमंत्रित कर एक यादगार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मंच अपने दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा तथा उनके परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा।

कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए 15 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया। बैठक में सभी सदस्यों ने अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। विगत 50 वर्षों में मंच ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ समाज को दिशा देने का कार्य किया है। मंच द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर आयोजित गोष्ठियों, आर्थिक एवं वैचारिक परिवर्तनों पर चर्चाओं तथा जनवादी कवि सम्मेलनों को भी बैठक में याद किया गया और इन्हें आगे और अधिक ऊर्जा के साथ जारी रखने पर जोर दिया गया।

सभा में युवाओं की वर्तमान परिस्थितियों एवं उनके भटकाव पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई तथा उन्हें सही दिशा देने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। कोर कमेटी सदस्य राजकिशोर, रवि प्रकाश भारद्वाज, मुरारी लाल अग्रवाल, सुनील आचार्य एवं डॉ. धर्मराज ने मंच की पूर्व गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। आमसभा में कवि राहुल गुप्ता और जितेंद्र सिंह विमल ने मनमोहक काव्य पाठ किया।

इस अवसर पर मंच के वरिष्ठतम सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष डॉ. आर. के. चतुर्वेदी, मंच की स्थापना से सक्रिय श्रीमती प्रीति अग्रवाल, पवन चतुर्वेदी, दीपक गोयल, राकेश भार्गव, साधना भार्गव, संजय भटनागर, उपेंद्र चतुर्वेदी, आशुतोष गर्ग, प्रहलाद सिंह, विवेक दत्त मथुरिया, आशा गोयल, शशि बंसल, नम्रता सिंह, अनीता अग्रवाल, मीनू गोयल, कल्पना गर्ग, भूपेंद्र अग्रवाल, सौरभ चतुर्वेदी, मुरारी लाल गर्ग, हरीश अग्रवाल, अरविंद बंसल आदि उपस्थित रहे।

By nit