मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव के पंचशील कॉलोनी वार्ड नंबर 10 में एकत्रित हो रहे गंदे पानी की निकासी की समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रामेश सालोडे स्वयं मौके पर पहुंचे और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका के जेसीबी चालक को आदेशित किया कि जमा हो रहे गंदे पानी की निकासी हेतु नाली खोदकर पाइप डालने की व्यवस्था तत्काल शुरू की जाए।
वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष की इस पहल का स्वागत करते हुए धन्यवाद प्रेषित किया। ज्ञात हो कि वार्ड का गंदा पानी सोहन वर्मा (शिक्षक) के मकान के सामने से होकर अन्ना नागलिंगम के घर के पास जमा हो रहा था। पहले नाली निर्माण कार्य केवल सोहन वर्मा के भवन तक ही किया गया था, जिसके आगे नाली का पानी खेत की ओर बहता था।
सम्बंधित खेत मालिक द्वारा नाली को बंद कर कच्चा रास्ता बना लिया गया था, जिसके कारण पूरा गंदा पानी अब अन्ना नागलिंगम के नवनिर्मित भवन के पास बड़ी मात्रा में जमा हो रहा है। इसी निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका द्वारा यह वैकल्पिक समाधान किया जा रहा है।
मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्डवासियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही पक्की नाली का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी की समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगी।
