संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

ग्वालियर पुलिस को प्रतिदिन CEIR पोर्टल के माध्यम से बड़ी संख्या में मोबाइल गुम होने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) ने अपने अधीनस्थ सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गुम मोबाइलों को शीघ्र ट्रेस कराकर नागरिकों को वापस दिलाएँ।

इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (पश्चिम/अपराध) ने साइबर सेल ग्वालियर की टीम को मोबाइल खोजने की जिम्मेदारी सौंपी। डीएसपी अपराध श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन तथा प्रभारी साइबर सेल उप निरीक्षक श्रीमती रजनी सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में टीम ने जुलाई से दिसंबर 2025 के बीच CEIR पोर्टल की मदद से विभिन्न कंपनियों के 736 मोबाइल और टैबलेट देश के अलग–अलग शहरों से बरामद किए। इनकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 82 लाख रुपये है।

इसी वर्ष 2025 में अब तक कुल 1503 मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कीमत लगभग 3 करोड़ 72 लाख रुपये है।
इनमें लता कुशवाहा, विनोद सिकरवार, नवीन मांझी, किशनलाल और पायल सोलंकी सहित कई नागरिकों के मोबाइल शामिल थे, जो विभिन्न परिस्थितियों में गुम हो गए थे। मोबाइल वापस मिलने पर सभी के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने ग्वालियर पुलिस एवं साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया।
इसके साथ ही ग्वालियर पुलिस ने जागरूक नागरिकों किरन केन (डीएनएन न्यूज़ पत्रकार), होतम सिंह कदम, प्र०आर० विजय सिंह तोमर और अरुण राजावत को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन लोगों ने लावारिस मिले मोबाइलों को स्वयं साइबर सेल में जमा कराकर सराहनीय कार्य किया।
पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने साइबर सेल टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
इस सफलता में साइबर सेल टीम के विश्वीर सिंह जाट, रुबी भार्गव, जैनेन्द्र गुर्जर, कपिल पाठक, सोनू प्रजापति, शिवकुमार यादव, प्रदीप यादव, आशीष शर्मा, विपिन सिकरवार और देवेश शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
क्या है CEIR पोर्टल?
CEIR (Central Equipment Identity Register) दूरसंचार विभाग, भारत सरकार का पोर्टल है, जिसकी मदद से कोई भी व्यक्ति अपना चोरी या गुम हुआ मोबाइल उसके IMEI नंबर के आधार पर ब्लॉक कर सकता है। इससे पुलिस को मोबाइल ढूंढने में आसानी होती है।
मोबाइल गुम होने पर शिकायत कैसे करें?
1. सबसे पहले नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएँ।
2. अपनी गुम मोबाइल की सिम को संबंधित कंपनी से दोबारा निकलवाएँ।
3. www.ceir.gov.in पर जाएँ और मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक करें।
4. शिकायत पत्र, मोबाइल का बिल और पहचान पत्र पोर्टल पर अपलोड करें।
5. आवेदन जमा करते ही आपको 18 अंकों की रिक्वेस्ट आईडी मिलेगी, जिससे आप अपनी शिकायत की स्थिति देख सकेंगे।
