अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
ब्लॉक संसाधन केंद्र इटवा के परिसर में शनिवार को दिव्यांग उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग की समेकित शिक्षा योजना के तहत विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों हेतु आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल, विशिष्ट अतिथि नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय तथा जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. के हाथों दिव्यांग बच्चों को उनकी दिव्यांगता के अनुरूप सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान कुल 228 बच्चों को उपकरण प्रदान किए गए। सांसद डुमरियागंज जगदंबिका पाल ने कहा कि सरकार दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पहले इन्हें ‘विकलांग’ कहा जाता था और हेय दृष्टि से देखा जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इन्हें ‘दिव्यांग’ नाम देकर सम्मान दिया गया और इनके लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि उपकरण तो दिए जा रहे हैं, परंतु इनके संचालन व उपयोग की जानकारी भी बच्चों और अभिभावकों को दी जानी चाहिए। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि दिव्यांग बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
बीईओ राजेश कुमार ने बताया कि हाल ही में आयोजित शिविर में दिव्यांग बच्चों के लिए उपकरणों का चिन्हीकरण किया गया था, जिनका वितरण आज 06 दिसंबर 2025 को किया गया।
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख मारकण्डेय पाण्डेय, शिवकुमार वर्मा, माधव यादव, रामनेवास उपाध्याय, रामतेज शुक्ल, सुनील पाण्डेय, राहुल श्रीवास्तव, राकेश, मोना पांडेय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
