अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
भोपाल का चेतक ब्रिज चौराहा आज सामाजिक संगठनों के विरोध प्रदर्शन का केंद्र बना, जहां छात्र, युवा एवं महिला संगठनों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं-बच्चियों के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों पर गहरी चिंता जताई।और सरकार से कठोर कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शराब-नशे का बेरोकटोक व्यापार और अश्लीलता का प्रचार-प्रसार समाज में असुरक्षा का बड़ा कारण बन चुका है, जिसके चलते महिलाओं-बच्चियों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने कहा कि कई घटनाएं चाहे गौहरगंज की हो या ग्वालियर, रीवा और गुना की,इस बात का प्रमाण है कि अपराधी हमारे ही समाज से निकल रहे हैं।

ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन (AIMSS) की जिला अध्यक्ष रितु श्रीवास्तव ने कहा कि “समाज में असुरक्षा लगातार बढ़ रही है। मासूम बच्चियां इन हमलों की शिकार हो रही हैं। हर परिवार यह सोचने पर मजबूर है कि अपनी बेटियों के लिए सुरक्षित माहौल कैसे बनाया जाए।
प्रदर्शन में वक्ताओं ने निम्न मुख्य मांगें उठाईं
महिलाओं पर अत्याचार और बलात्कार के आरोपियों को कड़ी सजा हो
मध्य प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू की जाए
पोर्नोग्राफी वेबसाइट्स पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए
नशा-व्यवसाय और अश्लील सामग्री के प्रसार पर कड़ी कार्रवाई हो
एआईडीवायओ (AIDYO) से सोनू सेन और एआईडीएसओ (AIDSO) से सतीश ओझा ने भी संबोधित करते हुए सरकार और समाज को चेताया कि यदि समय रहते रोकथाम नहीं हुई तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर ध्यान न दिए जाने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।प्रदर्शन का संचालन पूजा जायसवाल ने किया।

