मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
असेंडियम वेंचर्स ने राघादेवी और चिमटीपुर में क्लाइंबिंग एवं एब्सेलिंग की तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया। इस कार्यशाला का उद्देश्य जिले में नए एडवेंचर स्पॉट विकसित करना तथा स्थानीय लोगों को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार की दिशा में सशक्त बनाना है। जिला प्रशासन, जिला पुरातत्व, पर्यटन व संस्कृति परिषद व मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से यह प्रशिक्षण कार्यशाला हुई।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार के कुशल मार्गदर्शन में पर्यटन विकास की कई गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, यह प्रशिक्षण इसी का हिस्सा था।
इस प्रशिक्षण में कुल 5 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जुन्नारदेव विधानसभा के तामिया तहसील अंतर्गत चिमटीपुर के आदिवासी समुदाय के तीन युवा और छिंदवाड़ा के दो प्रतिभागी शामिल थे। प्रशिक्षण में सुरक्षा प्रणाली, उपकरणों का उपयोग, बेसिक क्लाइंबिंग तकनीक, एब्सेलिंग प्रक्रिया तथा एडवेंचर गतिविधियों में अपनाई जाने वाली मानक प्रक्रियाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
प्रशिक्षक टीम में नागपुर के जयेंद्र खोब्रागड़े और बेंगलुरु के अमृत अप्पाडेन शामिल थे, जो पर्वतारोहण एवं रॉक क्लाइंबिंग में कई वर्षों का अनुभव रखते हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को उच्च स्तर के प्रशिक्षण की सुविधा मिली।
जिला प्रशासन के साथ मिलकर असेंडियम वेंचर्स जिले में नए क्लाइंबिंग क्षेत्रों की खोज एवं विकास के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार और आजीविका के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्था का उद्देश्य है कि आदिवासी और ग्रामीण समुदाय सुरक्षित, जिम्मेदार और सतत एडवेंचर पर्यटन का हिस्सा बनें।

