मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
एक महिला ने पुलिस चौकी अंबाड़ा में शिकायत दर्ज कराई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी बनाकर उसकी फोटो का दुरुपयोग कर रहा है। आरोपियों ने महिला की फोटो पर अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों के साथ उसका मोबाइल नंबर लिखकर पोस्ट किया था, जिससे अज्ञात लोग उसे फोन कर परेशान कर रहे थे और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुँच रही थी।
महिला की शिकायत पर साइबर सेल द्वारा जांच कराई गई, जिसमें फर्जी आईडी बनाने वाले अज्ञात व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त हुई। जांच के आधार पर थाना जुन्नारदेव में अपराध क्रमांक 374/25 धारा 79, 336(4) BNS एवं आईटी एक्ट की धारा 66(c), 66(d), 67(a) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बघेल के मार्गदर्शन में दिनांक 05/11/25 को आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु उपनिरीक्षक मुकेश डोंगरे, आरक्षक अनिल उइके, आरक्षक योगेश जांगले की टीम को नर्मदापुरम जिला भेजा गया।
टीम ने सिवनी मालवा (जिला नर्मदापुरम) निवासी दो आरोपियों —
(1) आशुतोष बाथव पिता अरुण, उम्र 34 वर्ष
(2) आयुष धोश्रेया पिता ओमप्रकाश, उम्र 19 वर्ष
को गिरफ्तार कर जुन्नारदेव थाना लाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से फर्जी आईडी संचालन में उपयोग किए गए मोबाइल फोन जब्त किए हैं और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बघेल, उपनिरीक्षक संजय सोनवानी, उपनिरीक्षक मुकेश डोंगरे, आरक्षक अनिल उइके, आरक्षक योगेश जांगले, तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक नितिन सिंह का विशेष योगदान रहा।

