मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर आज छिंदवाड़ा जिले का नाम एक बार फिर पूरे प्रदेश में गर्व से लिया गया। राजधानी भोपाल स्थित रवींद्र भवन से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत तैयार ‘वॉश-ऑन-व्हील्स’ एप का पूरे राज्य में शुभारंभ किया।
यह वही स्वच्छता नवाचार है जिसकी शुरुआत जुन्नारदेव विधानसभा के तामिया जनपद के ग्राम छिंदी से हुई थी।

वर्तमान में कलेक्टर हरेंद्र नारायण के मार्गदर्शन में यह मॉडल और अधिक सशक्त हुआ है। जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के विचार और नेतृत्व में तैयार इस मॉडल ने छिंदवाड़ा को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा आज इसका प्रदेशव्यापी शुभारंभ किया जाना जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
जिले में ‘वॉश-ऑन-व्हील्स’ नवाचार का शुभारंभ 26 सितंबर 2024 को तामिया के छिंदी ग्राम से किया गया था, जहां प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने इसे हरी झंडी दिखाई थी। आज यह नवाचार पूरे प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत नई दिशा देने जा रहा है।
इस सेवा के अंतर्गत मोबाइल वाहनों के माध्यम से सामुदायिक और व्यक्तिगत शौचालयों की सफाई की जाती है। केवल एक कॉल पर स्वच्छता साथी गांवों में पहुंचकर शौचालयों की सफाई करते हैं। इससे ग्रामीणों को सुविधा के साथ-साथ स्वच्छता का स्थायी समाधान मिला है। छिंदवाड़ा में इस मॉडल से अनेक परिवारों को रोजगार प्राप्त हुआ है और उनकी वार्षिक आय लाखों रुपये तक पहुंच चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोनों ने इस नवाचार की प्रशंसा की है। प्रधानमंत्री ने भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में ‘वॉश-ऑन-व्हील्स’ नवाचार की सराहना की थी।
छिंदवाड़ा के इस नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान प्राप्त हुआ है। इंडिया सेनीटेशन कोएलिशन (फिक्की) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में ‘वॉश-ऑन-व्हील्स’ नवाचार को “सतत रखरखाव एवं सामुदायिक प्रबंधन” श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

