राष्ट्रीय महामंत्री वेणु पी. नायर का बुरहानपुर दौरा : रेलकर्मियों की विशाल सभा उत्साहपूर्वक सम्पन्न | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन (NRMU) के राष्ट्रीय महामंत्री कॉमरेड वेणु पी. नायर के एक दिवसीय बुरहानपुर प्रवास के अवसर पर यूनियन द्वारा आयोजित भव्य सभा अत्यंत उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। यह आयोजन बुरहानपुर शाखा के सचिव कॉमरेड आकाश ठाकुर के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

महामंत्री वेणु पी. नायर दोपहर लगभग 3 बजे काशी एक्सप्रेस से बुरहानपुर पहुंचे, जहां स्टेशन पर यूनियन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशों, फूल-मालाओं और जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया। स्टेशन परिसर से रैली निकाली गई, जिसमें कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था।

शाम 6 बजे लालबाग रोड से घोड़ा-बग्गी, डीजे और लाल झंडों के साथ एक विशाल स्वागत रैली निकाली गई। रैली का समापन सभा स्थल पर हुआ, जहां आतिशबाज़ी और लेजिम खेल के प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। सभा का शुभारंभ छत्रपति शिवाजी महाराज एवं डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्पहार अर्पित कर किया गया। इसके बाद दिवंगत रेलकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

पेंशनर्स एवं SC/ST संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी महामंत्री जी का शाल, पुष्पगुच्छ एवं मालाओं से सम्मान किया। सभा में मंडल सचिव कॉमरेड बापू पाटिल, मंडल अध्यक्ष कॉमरेड इब्राहिम तथा बुरहानपुर शाखा अध्यक्ष कॉमरेड पुष्पेंद्र कपड़े सहित अन्य पदाधिकारियों का भी स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में महामंत्री वेणु पी. नायर ने कहा:
रेलवे में निजीकरण की कोशिशें चिंताजनक हैं, कर्मचारियों को एकजुट होकर इसका विरोध करना होगा। बड़ी संख्या में पद रिक्त होने से कार्यभार बढ़ रहा है, इस दिशा में यूनियन मजबूत आंदोलन करेगी। कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ईमानदारी, अनुशासन और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने सभी को दीपावली एवं छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की सफलता से प्रभावित होकर महामंत्री वेणु पी. नायर ने बुरहानपुर शाखा के लिए ₹10,000 का पुरस्कार घोषित किया, जो सभी के लिए गर्व का विषय रहा। कार्यक्रम के बाद बुरहानपुर की प्रसिद्ध दाल-चावल से सभी अतिथियों का सत्कार किया गया। इसके उपरांत महामंत्री नायर रात्रि 11 बजे मुंबई की ओर प्रस्थान कर गए।

कार्यक्रम में शाखा के सभी पदाधिकारियों — कॉम. शकील अहमद सिद्दीकी, कॉम. विनय मेहता, कॉम. राजीव गुप्ता, कॉम. अश्विनी त्रिपाठी, कॉम. प्रवीण निगम, महिला अध्यक्ष कॉम. रुक्मणि ईश्वर सहित सभी कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article