रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास परिसर में भाई दूज (भातृ द्वितीया/यम द्वितीया) का पर्व प्रदेश की बहनों के साथ आत्मीयता से मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बहनों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि —> “भाई दूज हमारी भारतीय संस्कृति की आत्मा है। यह पर्व भाई-बहन के स्नेह, अपनत्व और पारिवारिक जीवन मूल्यों को सुदृढ़ करता है।

”मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाई दूज का यह पर्व न केवल भाई-बहन के पवित्र बंधन का उत्सव है, बल्कि सामाजिक एकता, नारी सम्मान और पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण का भी प्रतीक है। उन्होंने बहनों के साथ संवाद के दौरान राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और भावी प्राथमिकताओं की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा —> “यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे लाड़ली बहनों के रूप में 1 करोड़ 26 लाख बहनें मिली हैं। हम उनके जीवन में नई रोशनी और नई खुशियां जोड़ रहे हैं।

अब प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को हर माह ₹1500 की राशि दी जाएगी।”मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बहनों के लिए सरकार के खजाने में किसी प्रकार की कमी नहीं है। आज बहनों को ₹250 की राशि शगुन स्वरूप भेजी जा रही है।> “हमारी बहनें लक्ष्मी, सरस्वती और पार्वती का समग्र रूप हैं। मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जहां ‘लाड़ली बहना योजना’ के माध्यम से हमारी बहनें हर महीने राखी और भाई दूज मनाती हैं।
”उन्होंने बताया कि अब तक सरकार 29 किश्तों में लगभग ₹45,000 करोड़ रुपए की सहायता राशि बहनों को प्रदान कर चुकी है।> “बहनों की मुस्कान ही मध्यप्रदेश और हमारी सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है,” — मुख्यमंत्री ने कहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बहनों को उपहार भेंट किए, मिठाई खिलाई और पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया।कार्यक्रम में उपस्थित लाड़ली बहनों ने निमाड़ी लोकगीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम स्थल आनंद और अपनत्व से भर गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लाड़ली बहना योजना से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं अब अपना व्यवसाय शुरू कर रही हैं और अपने बच्चों की शिक्षा में योगदान दे रही हैं। सरकार उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए नई योजनाएं लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।राज्य सरकार ने नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण प्रदान किया है।
कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त श्रीमती निधि निवेदिता, जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।
