ताहिर मिर्ज़ा, उमरखेड़/यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

यवतमाल जिला के उमरखेड़ तहसील में अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण किसानों को भारी संकट से जूझना पड़ रहा है, यह शनिवार को खुद मैंने देखा। आज किसान पूरी तरह हताश हो चुके हैं। ऐसे परिस्थिति में नुकसानग्रस्त किसानों को 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर तत्काल मुआवजा देने की मांग राज्य के पूर्व गृहमंत्री तथा राकांपा (शरद पवार गुट) के नेता अनिल देशमुख ने की है। वह शनिवार को शाम आयोजित पत्र परिषद में बोल रहे थे। देशमुख ने कहा कि अतिवृष्टि से आई बार-बार बाढ़ से किसानों का बड़ा नुकसान हुआ है, मगर राज्य सरकार अत्यल्प राशि दे रही है। जिस तरह पंजाब राज्य में किसानों को प्रति हेक्टेयर 50 हजार का मुआवजा दिया गया वैसे ही यवतमाल जिला में तत्काल 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवाजा दिया जाए। शनिवार को उन्होंने उमरखेड़ तहसील के ग्राम देवसरी, चातारी, उंचवड़द, खरुश, प्रजना आदि गांवों को भेंट कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरे में उमरखेड विधानसभा शरद पवार गुट के अध्यक्ष राजू जायसवाल, पूर्व नगर सेवक साजिद जागीरदार, ईसा राज, स्वप्निल कनवाडे के साथ अनेक पदाधिकारी मौजूद थे।
