अतीश दीपंकर ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आज बुधवार को कहा कि, आज डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में बिहार रफ्तार पकड़ चुकी है। इसे अब राहुल-तेजस्वी जैसे राजनीतिक पर्यटकों की अराजकतावादी प्रयासों की भेंट नहीं चढ़ाया जा सकता। श्री सिन्हा ने आगे कहा कि राहुल- तेजस्वी अपने आचरण और व्यवहार से ही सनातन विरोधी हैं। इसीलिए ये सनातन को अपमानित करने वाले एम के स्टालिन जैसे नेताओं को ‘शो पीस’ के रूप में अपने साथ बिहार घुमा रहे हैं। इससे पहले रेवंत रेड्डी जैसे बिहारी विरोधी मानसिकता रखने वाले व्यक्ति को बिहार दर्शन करा रहे थे। आखिर सनातन विरोधी, बिहार विरोधी सोच रखने वाले लोगों को बिहार घूमने के पीछे राहुल-तेजस्वी का मकसद क्या है ? निश्चित रूप से बिहार की जनता इनकी सोच से खुद को अपमानित महसूस कर रही है।
श्री सिन्हा ने आगे कहा कि ये दोनों शहजादे आजकल गैरजिम्मेदाराना व्यवहार की पराकाष्ठा पर चले गए हैं । ये लोग जानबूझकर सुरक्षा घेरों को तोड़ते हैं ताकि कोई अप्रिय घटना घटे और ये लोग उसका ठीकरा सरकार के माथे फोड़ सकें । लेकिन डबल इंजन सरकार की चुस्त कानून-व्यवस्था के कारण ये लोग अपनी गैरजिम्मेदाराना व्यवहार के बावजूद सुरक्षित घूम रहे हैं। श्री सिन्हा ने कहा कि चुनावी पर्यटन के दौरान ये दोनों बयानवीर जिन सड़कों-पुलों से गुजरते हुए बाइक से सैर कर रहे हैं, वे सभी NDA की डबल इंजन सरकार की ही देन हैं ।
राजद-कांग्रेस के जमाने में तो सड़क- पुल बनाने की जगह अलकतरा बेच कर नेताओं का खजाना भरा जाता था । डबल इंजन की सरकार के प्रयासों के कारण आज राज्य अगले चरण के विकास के लिए ‘टेक ऑफ’ करने को तैयार है । वहीं ये इंडी गठबंधन वाले लोग बिहार और बिहारियों को सर्कस की तरह चलाने की सोच रखने वाले लोग हैं । लेकिन बिहार की जनता ‘रिंग मास्टर’ बनने का इनका सपना कतई पूरा नहीं होने देगी बल्कि विधानसभा चुनाव में इनको ‘रिटार्यड हर्ट’ करके हाशिये पर भेज देगी।

