मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

हरतालिका उत्सव भारत वर्ष में सुहागन महिलाओं द्वारा पति की दीर्घायु के लिए उपवास रखकर पुजा अर्चना कर मनाया जाता है। आज शुक्रवार को यह पर्व है और कल शनिवार को इसका उद्यापन है। इसको लेकर ताप्ती सेवा समिति अध्यक्ष सरिता राजेश भगत ने निगम अध्यक्ष प्रतिनिधी अमर यादव एवं सिटी थाना के टीआई को पत्र देकर राजघाट एवं बालाजी घाट पर अस्थाई चेंजिंग रूम एवं महिला पुलिस बल की घाट पर ड्यूटी लगाई जाने की मांग की है, जिससे महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए भगत ने बताया हिंदू संस्कृति में इस पर्व पर नदी में स्नान का बड़ा महत्व है। चूंकि घाटों पर किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं है, इसलिए कल अस्थाई चेंजिंग रूम बनाए जाएं साथ ही आवारा तत्व घाटों पर कोई अभद्र व्यवहार ना करें इसके लिए महिला पुलिस बल तैनात होना चाहिए। सुबह 5:00 से ही शुरू हो जाता है, पूजा अर्चना की सामग्री का नदी में विसर्जन एवं स्नान। मान्यता है कि हरतालिका तीज का उपवास सबसे पहले माता पार्वती ने रखा था। इस अवसर पर समाजसेवी अरुण महाराज और साथी उपस्थित थे।

