मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

पेंशनर्स एसोसिएशन बुरहानपुर के जिला अध्यक्ष एवं उप प्रांताध्यक्ष अता उल्ला खान ने बताया कि दिनांक 22.07.2024 को प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन की प्रांतीय निकाय के आव्हान एवं दिशा-निर्देश अनुसार 10 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन भोपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी ( राजस्व ) बुरहानपुर को सौंपा गया। उक्त ज्ञापन में 10 सूत्रीय मांगे, जो विगत 10-15 वर्षों से ज्ञापनों एवं आन्दोलन के माध्यम से शासन को अवगत करते चले आ रहे हैं परन्तु आज भी स्थिति जस की तस ही है।
पेंशनर्स की मुख्य मांगों में विशेष रूप से केन्द्र के समान उसी अनुरुप व उसी देय तिथि से राहत राशि प्राप्त हो, पुराना चला आ रहा छठवें एवं सातवें वेतन आयोग का 32 माह एवं 27 माह एवं 8 माह की एरियर्स राशि, मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49 ( 6 ) को विलोपित/निष्प्रभावी की जाए, अतिरिक्त पेंशन, जो उम्र के 80 वर्ष पूर्ण होने पर मिलती है, उस के स्थान पर सेवा निवृत्ति के 65 वर्ष प्रारंभ पर 5 %,, 70 पर 10 % ,,75 पर 15 % तथा 80 वें वर्ष के प्रारम्भ से ही 20 % पेंशन स्वीकृत की जावे।
आयुष्मान योजना का लाभ पेंशनर्स को देते हुए इस योजना से जोड़ा जाए। एनपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू की जावे। उक्त ज्ञापन सौंपते समय प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला, तहसील, ब्लाक, के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। प्रकाश मराठे उपाध्यक्ष ने ज्ञापन का वाचन किया एवं महेश गुजराती एवं राम दास सगरे कोषाध्यक्ष ने समस्त सदस्यों का आभार माना।

