मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय चिकित्सा संघ बुरहानपुर एवं जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वाधान में टीकाकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले टीकाकरण कर्मियों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ फुकवाल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वाय बी शास्त्री,नेत्र चिकित्सालय अधीक्षक डॉ कैलाश खैरनार, एपिडियोलॉजिस्ट श्री रविन्द्र राजपूत एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के महत्व को बताते हुए अखिल भारतीय चिकित्सा संघ के जिला अध्यक्ष डॉ मनोज अग्रवाल ने बताया कि 1995 से सतत यह टीकाकरण दिवस मनाया जा रहा है। टीकाकरण सेहत के लिए जरूरी है। टीकाकरण से ही गंभीर बीमारियों की रोकथाम की जा सकी है। इस टीकाकरण दिवस की शुरुआत पल्स पोलियो अभियान के साथ ही हुई थी, जिसकी वजह से आज देश पोलियो मुक्त हो चुका है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ फुकवाल ने बताया कि किस प्रकार दूर सुदूर के क्षेत्र में टीकाकरण कर्मी विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का निर्वहन अच्छी तरह से करते हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. यामिनी भूषण शास्त्री ने बताया कि राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की वजह से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आई है। डॉ. खैरनार ने कहा कि सामाजिक संस्थाएं समय-समय पर स्वास्थ्य योजनाओं में अपना सहयोग देती हैं जोकि सराहनीय है।
सम्मान समारोह के अवसर पर बुरहानपुर एवं खकनार के 10 शासकीय टीकाकरणकर्मी एवं 02 निजी क्षेत्र से इस प्रकार 12 टीकाकरण कर्मियों का सम्मान प्रशस्ति पत्र देकर किया गया। इस अवसर पर डॉ विनोद चौधरी, डॉ प्रवीण पाटिल, डॉ तरुण चौकसे, डॉ प्रमोद चौहान, डॉ प्रदीप बडगुजर, डॉ अशोक गुप्ता, डॉ घनश्याम शाह आदि उपस्थित थे।
