अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

गुरुवार को बिहार के मुजफ्फरपुर के कांटी थर्मल पावर की ओर से ग्रामीण महिलाओं में कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच दिवसीय अचार और पापड़ बनाने का प्रशिक्षण कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकारी निदेशक, ए के मनोहर और संघमित्रा महिला मॉडल की अध्यक्षा शांति मनोहर ने संयुक्त रूप से की।

नैगमिक सामाजिक दायित्व के तहत कलवारी, काँटी, कोल्हुआ, धमौली इत्यादि गांव से करीब 100 महिलाओं को पांच दिनों तक लगातार खादी और ग्रामोद्योग आयोग के विशेषज्ञ द्वारा ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण के तत्पश्चात इन महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक तौर पर सशक्त होने में भी मदद मिलेगी। उद्घाटन समारोह के अवसर पर कार्यकारी निदेशक (एनटीपीसी कांटी) श्री मनोहर ने कहा कि, सशक्त समाज की पहली कड़ी होती है सशक्त महिलाएं और महिलाओं को सशक्तिकरण के लिए सबसे ज़्यादा जरुरी है कि उनका आर्थिक रूप से स्वतंत्र हो। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि, यह प्रशिक्षण कार्यशाला महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने में मदद करेगी।

मौके पर मनोज सिन्हा, महाप्रबन्धक,(तकनीकी सेवा), तापस साहा, महाप्रबन्धक (अनुरक्षण), के एम प्रशांत, महाप्रबन्धक (नैगमिक समाचार), संजीत कुमार, उप महाप्रबन्धक (मानव संसाधन) और निशांत कमल, वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) मौजूद थें। इसकी जानकारी कांटी एनटीपीसी के पीआरओ चंद्र प्रकाश ने गुरुवार को दी।
