खाद भण्डारण की बारीकी से जाँच करें, वास्तविक किसानों को ही मिले खाद: कलेक्टर | New India Times

पवन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

खाद भण्डारण की बारीकी से जाँच करें, वास्तविक किसानों को ही मिले खाद: कलेक्टर | New India Times

जिले में रबी फसलों के लिये रासायनिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। खाद वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। वास्तविक किसानों को ही खाद दिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं होगी। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने खाद वितरण व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा थोक, फुटकर, सोसायटी एवं डबल लॉक में रखे रासायनिक उर्वरक की नियमित रूप से जाँच अर्थात सत्यापन करें। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश चंदेल भी मौजूद थे।

कलेक्टर श्री सिंह ने यह भी कहा कि जिन किसानों ने एक माह के भीतर 40 बोरी से ज्यादा खाद लिया है उनकी भी जाँच की जाए। जो विक्रेता अथवा किसान के नाम पर अवैध रूप से खाद प्राप्त कर गलत तरीके से मुनाफा कमाने की जुर्रत करे उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी एसडीएम व पुलिस अधिकारियों को भी बेहतर ढंग से खाद वितरण व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि खाद की दुकानों पर गोपनीय तरीके से लाइन में लगकर यह देखें कि किसानों से खाद की ज्यादा कीमत तो नहीं ली जा रही। यदि कहीं ऐसी अनियमितता पाई जाए तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई करें‌

बुधवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरूण कुमार व श्री टी एन सिंह तथा जिले के सभी एसडीएम व पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

नियमित रूप से न खुलने वाली दुकानें निरस्त करें

कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने कहा सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जिन उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों ने नवीनीकरण नहीं कराया है और ऐसी दुकानें जो नियमित रूप से नहीं खुलती हैं उन्हें निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने पीडीएस वाहनों की जीपीएस के माध्यम से लगातार ट्रैकिंग करने पर भी बल दिया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article