अबरार अहमद खान/मुकीज खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने पत्रकारवार्ता कर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी लगभग 1500 शासकीय, अशासकीय एवं अशासकीय अनुदान प्राप्त कॉलेजो में कमेटियों का गठन शीघ्र ही किया जाएगा एवं शिक्षा के निजीकरण और शिक्षा माफियाओं के खिलॉफ पूरे प्रदेश में हल्लाबोल कार्यक्रम चलाया जाएगा।मध्यप्रदेश में लगातार व्यापमं में हो रही अनियमितताओं को उजागर कर दोषियों पर कार्यवाही करने, संविदा वर्ग -3 की भर्ती प्रक्रिया मे की गई गड़बड़ी को लेकर पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार एवं व्यापमं के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा ।
चौकसे ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन,मध्यप्रदेश द्वारा छात्रों की समस्याओं को लेकर सदैव सड़क से लेकर विधानसभा एवं न्यायालय तक संर्घष करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी के खिलाफ एक जन-जागरण के लिऐ एक प्रदेश व्यापी कार्यक्रम की जल्दी ही शुरूआत करेंगे। मध्यप्रदेश के सभी ज़िलों के कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ साथ छात्र छात्राओं के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए खेल की गतिविधियॉ जो बंद होती जा रही हैं उसको पुनः प्रारंभ करने के लिए योजना बनाकर कार्य करेंगे।
चौकसे ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के पहले एन.एस.यू.आई के द्वारा कक्षा 12वीं में उत्तीर्ण हुए छात्र छात्राओं की सहायत हेतु कॉलेजों में हेल्प डेस्क लगाई जाएगी ताकि नविन प्रवेश लेने वाले छात्र छात्राओं किसी भी प्रकार समस्याओं का सामना ना करना पड़े। आगे कहा कि एन.एस.यू.आई समय समय पर सामाजिक आयोजन करता रहा है इस वर्ष भी रक्तदान शिविर, पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान के साथ साथ महापुरूषो की जयंती मनायी जाएगी।
इस अवसर पर विशेष रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रकाश चौकसे म.प्र.युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी उपस्थित थे।
