वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

लखीमपुर खीरी जिला में शत-प्रतिशत पंजीकरण के आधार पर किसानों से धान की खरीद होगी। पूरी खरीद प्रक्रिया जीरो टॉलरेंस पर चलेगी। यदि कहीं भी क्रय एजेंसी की अनियमितता मिली तो संबंधित क्रय एजेंसी के जिला प्रबंधक पर एफआईआर दर्ज होगी, उक्त बातें बुधवार की देर शाम कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक में डीएम डॉ अरविंद कुमार चौरसिया ने कही। उन्होंने कहा कि धान खरीद के लिए जो पंजीकरण हुए हैं उनका सत्यापन सभी संबंधित एसडीएम ससमय कराते रहें। इसमें आवश्यकतानुसार गन्ना विभाग का भी सहयोग लें। धान खरीद वर्ष-2021 में शत प्रतिशत टोकन के जरिए ही किसानों से धान क्रय किया जाएगा। यदि किसी किसान को टोकन जनरेशन में असुविधा हो तो क्षेत्रीय लेखपाल उनका अपेक्षित सहयोग करें।
उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा कि वह शासन की मंशानुरूप वह किसी भी किसान का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई मामला प्रकाश में आया तो वह सीधे संबंधित कर एजेंसी के जिला प्रबंधक पर एफआईआर दर्ज कराएंगे। वही सभी क्रय केंद्रों पर पहले दिन से ही सभी मूलभूत एवं जरूरी मुकम्मल सुविधाएं उपलब्ध रहें यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराया जाए।
एडीएम अरुण कुमार सिंह ने धान क्रय के लिए शासन द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतया अनुपालन किया जाए। बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी डॉ. लालमणि पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
