मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव क्षेत्र के दमुआ अंतर्गत ग्राम पंचायत बखारी में आम तोड़ने के दौरान एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, किशन (15 वर्ष) आम के पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहा था, तभी वह लगभग 20 से 30 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिसमें पायलट अंसार खान और ईएमटी अनीता कावल मौजूद थे। लेकिन घटनास्थल तक सड़क न होने के कारण परिजनों को घायल किशोर को करीब एक किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर एंबुलेंस तक लाना पड़ा।
घायल को दमुआ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. अवनी गुप्ता ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस घटना ने क्षेत्र में सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गर्मी के मौसम में यदि यह स्थिति है, तो आगामी बारिश के दौरान हालात और भी बदतर हो सकते हैं। सड़क निर्माण होने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है।

