अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे बैरसिया रोड स्थित हीरो शोरूम के पास का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ कुत्ते खुले में रखी बर्फ को चाटते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर बर्फ रखी हुई है, उसके आसपास नींबू शिकंजी, गन्ने का रस, जूस और अन्य ठंडे पेय पदार्थ बेचने वाले कई ठेले और दुकानें संचालित होती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दुकानों में पेय पदार्थों में बर्फ का उपयोग किया जाता है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो में दिखाई गई बर्फ का उपयोग किसी दुकान या ठेले द्वारा किया जा रहा था या नहीं, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद नागरिकों ने खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर निगम से मामले की जांच कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते हैं, ऐसे में बर्फ के भंडारण और उपयोग में स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन होना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

