मोक्षधाम भूमि पर अतिक्रमण हटाने और सीमांकन की मांग को लेकर ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत पालचौरई के वार्ड क्रमांक 4 एवं 12 स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना कॉलोनी के निवासियों ने एक व्यक्ति द्वारा किए गए अतिक्रमण से हो रही परेशानियों को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि अतिक्रमणकारी ने कॉलोनीवासियों के घरों तक पहुंचने के मार्ग पर कब्जा कर लिया है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अतिक्रमणकारी अपने प्रभाव के बल पर भूमि सीमांकन की प्रक्रिया को प्रभावित करता रहा है। इसी समस्या के साथ-साथ मोक्षधाम की भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने एवं भूमि का सीमांकन कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों और ग्राम पंचायत के पंचों का प्रतिनिधिमंडल तहसील कार्यालय पहुंचा।

ग्रामीणों ने मोक्षधाम की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने तथा भूमि का सीमांकन कराने की मांग करते हुए तहसीलदार महोदया को ज्ञापन सौंपा। ग्राम पंचायत ने इस मामले में पहल करते हुए पंचगण, पंचायत सचिव एवं ग्रामीणों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर समस्या से अवगत कराया।

ग्रामीणों का कहना है कि मोक्षधाम की भूमि पर लगातार हो रहे अतिक्रमण से भविष्य में अनेक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने तहसीलदार से मुलाकात कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

तहसीलदार महोदया ने ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनी और मामले की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत के पंच राजेश वर्मा, मेहरबानशाह कुमरे, पंचायत सचिव, आदिवासी नेता नंदकिशोर परतेती, दसरथ इवनाती, कमलेश उइके, श्रीमती सरोज वट्टी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article