साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

मीरा-भाईंदर-वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के ज़ोन-1 अंतर्गत पुलिस ने अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 73 लाख 98 हजार 221 रुपये मूल्य के प्रतिबंधित सामान को नष्ट किया है। यह कार्रवाई न्यायालय की अनुमति के बाद की गई।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को काशिमीरा, काशिगांव, मिरारोड, नवघर, भाईंदर और उत्तन पुलिस थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों के तहत जब्त किए गए माल को नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुल 100 मामलों में जब्त 4,243 लीटर देशी, विदेशी एवं हाथभट्टी शराब (कुल कीमत 15,83,677 रुपये) को नष्ट किया गया। इसके अलावा 75 मामलों में जब्त गुटखा, पान मसाला और अन्य प्रतिबंधित पदार्थ, जिनकी कुल कीमत 58,14,544 रुपये थी, को भी नष्ट किया गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त ज़ोन-1 के मार्गदर्शन में तथा अन्न एवं औषध प्रशासन और उत्पादन शुल्क विभाग की मौजूदगी में उत्तन डंपिंग ग्राउंड में संपन्न की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब और प्रतिबंधित पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जा सके।

