अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
जिले के मुखिया जिलाधिकारी (डीएम) के सख्त आदेशों को इटवा स्थित एक पेट्रोल पंप पर खुलेआम नजरअंदाज किया जा रहा है। ‘नो हेलमेट, नो तेल’ अभियान के तहत बिना हेलमेट पेट्रोल न देने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन इटवा के श्याम ऑटोमोबाइल्स पेट्रोल पंप पर इन आदेशों का पालन होता नहीं दिख रहा है।
वायरल हो रही तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के दर्जनों बाइक सवार मौजूद हैं और पंप कर्मचारी बिना किसी रोक-टोक के उन्हें पेट्रोल दे रहे हैं। इससे सड़क सुरक्षा अभियान की गंभीरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन इस खुले उल्लंघन को रोकने में नाकाम साबित हो रहे हैं। नियमों का पालन करवाने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, वे ही इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जनता का कहना है कि यदि जिम्मेदार विभाग ही नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं करा पाएंगे, तो आम लोगों में कानून का डर कैसे बना रहेगा। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

