इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के एसएससी (SSC) परीक्षा परिणाम घोषित होते ही भुसावल के बी.जे़ड. उर्दू हाई स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी शैक्षणिक परंपरा को कायम रखा है। इस वर्ष भी स्कूल की छात्राओं ने शानदार सफलता हासिल कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
परीक्षा में शेख शिफा सहर नदीम अहमद ने 86.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं आलिया फिरदौस मुश्ताक खान और सिदरा अंजुम शेख शफीक ने 86.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सना इकबाल खान ने 85.80 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के उत्कृष्ट परिणाम से शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन के अध्यक्ष जनाब आशिक खान, चेयरमैन जनाब इकबाल बागवान, डॉ. हमीद, हेडमास्टर जनाब नदीम शेख तथा परीक्षा प्रभारी अख्तर रसूल ने सफल छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। साथ ही भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने का विश्वास व्यक्त किया गया।

