रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक धाम श्री वनेश्वर मारुति नंदन कुटीर हनुमान मंदिर फुट तालाब में 10 मई से आयोजित होने वाली श्रीमद भागवत कथा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी बैठकों का दौर शुरू हो गया है।
संत शिरोमणि श्री कमल किशोर नागर जी के मुखारविंद से 10 मई से 16 मई तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से भव्य श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा को लेकर मेघनगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कलश यात्रा एवं श्रीमद भागवत कथा के लिए गांव-गांव जाकर श्रद्धालुओं को निमंत्रण दिया जा रहा है।
कलश यात्रा एवं श्रीमद भागवत कथा में अन्य राज्यों से भी हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
श्री वनेश्वर मारुति नंदन कुटीर हनुमान मंदिर फुट तालाब मंदिर समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं लोकप्रिय समाजसेवी सुरेशचंद्र पूरणमल जैन ‘पप्पू भैया’, राजेश ‘रिंकू’ जैन एवं जैन परिवार ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे कि संत शिरोमणि श्री कमल किशोर नागर जी की भागवत कथा फुट तालाब में आयोजित हो। उनके निरंतर प्रयासों को स्वीकार करते हुए संत श्री कमल किशोर नागर जी ने यहां कथा करने की अनुमति प्रदान की है।
लोकप्रिय समाजसेवी सुरेशचंद्र जैन ‘पप्पू भैया’ ने बताया कि राष्ट्रीय संत श्री कमल किशोर नागर जी की कथा सुनने के बाद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी जनता से कलश यात्रा एवं भागवत कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

