वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

दुधवा टाइगर रिजर्व की दक्षिण सोनारीपुर रेंज स्थित सलूकापुर बेस कैंप में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। वन विभाग के एक पालतू हाथी ने अचानक आक्रामक होकर अपने ही महावत पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 51 वर्षीय महावत राम विलास रोज़मर्रा की तरह हाथी को नहलाने के कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान हाथी अचानक बेकाबू हो गया और उसने महावत को अपनी सूंड से पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उन्हें बार-बार कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के समय मौजूद अन्य कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी जब तक मदद के लिए पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे बेस कैंप में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथी के अचानक हिंसक होने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही मृतक महावत के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है।
इस घटना के बाद सलूकापुर बेस कैंप में कार्यरत अन्य महावतों और कर्मचारियों में भय और शोक का माहौल व्याप्त है।
