अतीश दीपंकर ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
आज आरपीएफ पोस्ट भागलपुर की टीम ने छापेमारी एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व पोस्ट कमांडर अमित कुमार गिरि कर रहे थे, जिसमें IPF भागलपुर ए.के. सिंह, LSI कोमल स्मृति तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे।
चेकिंग के दौरान टीम ने भागलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के हावड़ा छोर पर कुछ लावारिस कार्टन पड़े हुए पाए। जांच करने पर इन कार्टनों से कुल 96 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिसमें 72 बोतल बडवाइजर मैग्नम (500 ml) तथा 24 बोतल किंगफिशर स्ट्रॉन्ग (500 ml) शामिल हैं।
बरामद सभी शराब लावारिस हालत में मिली और मौके पर कोई भी व्यक्ति इसके स्वामित्व का दावा करने के लिए सामने नहीं आया। इसके बाद उक्त शराब को मौके पर ही LSI कोमल स्मृति द्वारा मंगलवार की रात लगभग 11 बजे जब्त किया गया।
जब्त शराब को आरपीएफ पोस्ट, भागलपुर लाया गया और आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सौंप दिया गया। बरामद शराब की कुल अनुमानित कीमत ₹15,840 बताई गई है।

