मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके भाई अमन द्वारा संचालित नि:शुल्क भोजन सेवा ने सफलतापूर्वक 5 वर्ष पूरे कर लिए हैं। पिछले कई वर्षों से वे विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों की लगातार सहायता करते आ रहे हैं।
भाई अमन ने इस सेवा की शुरुआत सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों के परिजनों और यवतमाल शहर के मजदूर चौक पर कार्यरत श्रमिकों के लिए की थी। सेवा के 5 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
भोजन सेवा के साथ-साथ उन्होंने अत्यंत गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु आर्थिक सहयोग और आवश्यक घरेलू सामग्री की किट सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई है। कोविड-19 महामारी के दौरान भी भाई अमन ने सक्रिय रूप से मैदान में उतरकर संक्रमितों और जरूरतमंदों की मदद की तथा अस्पतालों में भोजन वितरण का कार्य जारी रखा।
भाई अमन ने न केवल यवतमाल शहर, बल्कि पूरे जिले में आपात परिस्थितियों के दौरान प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर लोगों की सहायता की है। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण और सेवा भाव के साथ समाजसेवा करते रहने का संकल्प दोहराया है।

