मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विधानसभा के तामिया अंतर्गत पातालकोट के व्यू पाइंट में बने होम स्टे से सूर्योदय और सूर्यास्त को निहारने का अवसर अब देश भर के पर्यटकों को मिलेगा। यहां पर्यटन ग्राम बीजाढाना में तीन होम स्टे का लोकार्पण शनिवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने किया। उन्होंने आदिवासी गांव को देश-प्रदेश के पर्यटकों के लिए यादगार बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
विश्व धरोहर दिवस पर प्रदेश के जैव विविधता विरासत स्थल तामिया-पातालकोट के सबसे दर्शनीय स्थल पर होम स्टे खुलने से पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने परार्थ समिति के साथ मिलकर पर्यटन ग्राम बीजाढाना में यह होम स्टे बनाए हैं, जो अब महाराष्ट्र व देश के अन्य प्रदेशों के पर्यटकों को भी आकर्षित करेंगे।
बाजे-गाजे और उत्साह के साथ हुए होम स्टे के लोकार्पण समारोह में एसडीएम जुन्नारदेव कामिनी ठाकुर, जनपद अध्यक्ष तुलसा परतेती, तामिया सीईओ मोनिका झारिया, तहसीलदार संजय कुमार मसराम, डीएटीसीसी के नोडल अधिकारी बलराम राजपूत, पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी, परार्थ समिति से मंजरी चांदे, मो. सगीर, कारे याम सरपंच सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
व्यू पाइंट है यहां का मुख्य आकर्षण
पर्यटन ग्राम बीजाढाना में रातेड़ बेस कैम्प पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। अभी तक इस बेस कैम्प में पर्यटकों के ठहरने की समुचित व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से बने होम स्टे में रहकर पर्यटक बारिश और कोहरे का आनंद उठा सकेंगे। ये होम स्टे बहुत ही किफायती दरों पर उपलब्ध होंगे।
ग्राम में कलेक्टर ने लगाई चौपाल
पर्यटन ग्राम बीजाढाना में कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने चौपाल भी लगाई। कलेक्टर नारायन ने आसपास के गांवों से आए लोगों सहित ग्राम के निवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके तत्काल निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी ग्रामीणों से गांव में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार करने का सुझाव दिया।

