तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

मंगलवार, 17 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे बड़ी फोरलेन रोड स्थित नहर के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चारगांव निवासी सुरेंद्र आदिवासी (40 वर्ष), पिता मन्नूलाल आदिवासी, दिन्नू धानक (35 वर्ष), पिता हल्कोरी धानक और गुड्डू धानक (35 वर्ष) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। इसी दौरान उनकी बाइक की एक कार से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में सुरेंद्र आदिवासी का पैर फैक्चर हो गया, जबकि अन्य दोनों युवक भी घायल हो गए। घटना के बाद एक राहगीर ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस और थाना बाड़ी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस स्टाफ में डॉ. प्यारेलाल अहिरवार और पायलट संदीप कुशवाह ने तत्परता दिखाते हुए घायल सुरेंद्र आदिवासी को स्पाइन बोर्ड की मदद से सुरक्षित एम्बुलेंस में शिफ्ट किया और प्राथमिक उपचार शुरू किया।
इसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल एम्स रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

