मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत टाटरवाड़ा में आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार तेज हवा के कारण पेड़ों से आम गिर रहे थे, जिसे बीनने के लिए दो महिलाएं मौके पर पहुंची थीं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों महिलाएं झुलस गईं।
दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी महिला घायल है और उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक दिलीप उपाध्याय अस्पताल पहुंचे और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मृतक महिला की पहचान राधा (पति हेमराज महोबे), उम्र लगभग 40 वर्ष के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला हेमलता (उम्र 35 वर्ष) बताई जा रही है। दोनों महिलाएं ग्राम टाटरवाड़ा की निवासी हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
यह घटना शनिवार, 2 मई को शाम करीब 4:00 बजे की बताई जा रही है।

